अंबाती रायडू ने फाइनल में गेमचेंजिंग इनिंग खेल कर CSK के साथ छठा IPL खिताब जीता और संन्यास ले लिया। 2013, 2015 और 2017 में MI के साथ और फिर 2018, 2021 और 2023 में CSK के लिए। द मैन, द मिथ, द लेजेंड। महेंद्र सिंह धोनी 5 बार IPL के चैंपियन रहे हैं। रोहित शर्मा ने 6 बार IPL का खिताब है, लेकिन दोनों ने ही 5-5 बार बतौर कप्तान IPL जीता है। अंबाती रायुडू वो इकलौते खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अलग-अलग टीमों के लिए 6 बार बतौर बल्लेबाज IPL की ट्रॉफियां जीती हैं। खास बात ये है कि अंबाती रायडू IPL के शुरुआती 2 सीजन में थे ही नहीं, क्योंकि वो बागी ISL के लिए क्रिकेट खेल रहे थे और BCCI का बैन झेल रहे थे। 2009 से आईपीएल में आए रायडू ने 14 सालों में 6 ट्रॉफियां बतौर खिलाड़ी हासिल की हैं। उनके सिवा कोई खिलाड़ी ऐसा नहीं कर सका।
अंबाती रायडू 2010 से 2017 तक मुंबई इंडियंस का अहम हिस्सा रहे। इसके बाद वह चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हो गए। अंबाती रायडू ने 204 IPL मुकाबलों की 187 पारियों में 4332 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 22 अर्धशतक आए। रायडू ने अपने करियर में 358 चौके और 171 छक्के लगाए। IPL 2023 के फाइनल से पहले इस सीजन अंबाती का बल्ला कुछ खास नहीं बोला था। DLS मेथर्ड के तहत 15 ओवर में CSK 171 रन चेज कर रही थी। स्कोर 10.5 ओवर में 117 पर 3 था। जीत के लिए 25 गेंद पर 54 रनों की दरकार थी। अजिंक्य रहाणे 13 गेंद पर 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 27 के निजी स्कोर पर आउट होकर वापस पवेलियन लौट रहे थे और माही ने रायडू को बल्लेबाजी करने बीच मैदान भेज दिया। अंबाती रायडू का फॉर्म जरूर कुछ खास नहीं था, लेकिन माही जानते थे कि उनके पास क्लास था।
लगातार बड़े शॉट के लिए संघर्ष कर रहे शिवम दुबे ने राशिद खान के 12वें ओवर की अंतिम 2 गेंदों पर छक्के उड़ाकर CSK की उम्मीद कायम रखी। अब मोहित शर्मा के सामने अंबाती रायडू खड़े थे। जीत के लिए 18 गेंद पर 38 रन बाकी बचे थे। मोहित ने पहली धीमी गेंद आउटसाइड ऑफ फुलर लेंथ की डाली। रायडू ने जगह पर से इंतजार किया और लॉन्गऑफ के ऊपर से गगनचुंबी छक्का लगा दिया। दूसरी गेंद वाइड यॉर्कर और एक्स्ट्रा कवर के बगल से पावरफुल चौका। तीसरी धीमी गेंद आउटसाइड ऑफ पर अंबाती रायडू ने बैकफुट पर से ही पावर जेनरेट कर लिया और गगनचुंबी छक्के के बाद गेंद को लॉन्गऑफ स्टैंड में डिपॉजिट कर दिया। चौथी लेंथ बॉल बल्ले पर ऊंची लगी और गेंदबाज ने कैच पकड़ लिया। द बिग फिनाले में अंबाती रायडू ने 8 गेंदों पर 1 चौके और 2 छक्कों की मदद से 237.5 की स्ट्राइक रेट के साथ 19 रनों का ब्लाइंडर खेल दिया। उनके वापस जाने के बाद चेन्नई को जीत के लिए 14 गेंद पर 22 रनों की दरकार थी।
अंबाती रायडू ने उस गेंदबाज पर प्रहार किया, जो परफेक्ट यॉर्कर और धीमी गेंदों के मिश्रण के लिए विख्यात है। मोहित शर्मा की पारी की अंतिम 2 गेंदों पर 10 रन जड़कर रवींद्र जडेजा ने खिताब CSK के नाम कर दिया। जब भी IPL के सबसे बड़े गेम चेंजर खिलाड़ियों का जिक्र आएगा, तो अंबाती रायडू का नाम जरूर लिया जाएगा। अपने अंतिम मुकाबले में भी रायडू ने बल्ले से कमाल कर दिया। मोहित शर्मा पर ताबड़तोड़ प्रहार कर पूरा भौकाल कर दिया। मैच समाप्त होने के बाद अंबाती रायुडू ने कहा,यह एक कहानी का अंत है। मैं और अधिक नहीं मांग सकता था। मैं भाग्यशाली हूं कि वास्तव में महान टीम की ओर से खेला हूं। रायुडू ने आगे कहा, मैं अब जीवन भर मुस्कुरा सकता हूं। पिछले 30 सालों में मैंने जितनी भी मेहनत की है, मुझे खुशी है कि मैं इसका इस तरह से अंत कर पाया हूं। मैं वास्तव में अपने परिवार, मेरे पिता को धन्यवाद देना चाहता हूं। उनके बिना यह संभव नहीं होता। 🌻